पूर्ण संस्करण देखें
⚡ AMP पेज | पूर्ण वेबसाइट देखें
Program

यूपी स्थापना दिवस पर किसानों एवं लाभार्थियों का हुआ सम्मान

✍️ Admin 📅 24 January, 2026 ⏰ 05:30 PM 👁 67 views

IMG-20260124-WA0145.jpg 230.95 KB


गोण्डा, 24 जनवरी 2026 - जनपद गोण्डा में “उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस” के अवसर पर वेंकटाचार्य क्लब में भव्य, सुव्यवस्थित एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि अध्यक्ष, उत्तर प्रदेश अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति आयोग बैजनाथ रावत, विधायक गौरा प्रभात वर्मा, जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन, मुख्य विकास अधिकारी अंकिता जैन, आयोग की सदस्य अनीता गौतम तथा भाजपा किसान मोर्चा के जिला अध्यक्ष  विद्याभूषण द्विवेदी की गरिमामयी उपस्थिति रही।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य प्रदेश सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुँचाना तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से लाभान्वित करना रहा। इस अवसर पर जिला उद्योग विभाग, कृषि विभाग, उद्यान विभाग, एनआरएलएम, मुख्यमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), पंचायती राज विभाग, स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण), मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना, मुख्यमंत्री युवा प्रोत्साहन योजना तथा स्वयं सहायता समूहों से संबंधित योजनाओं के अंतर्गत चयनित लाभार्थियों को प्रमाण पत्र, स्वीकृति पत्र एवं अन्य लाभ प्रदान किए गए।

अतिथियों द्वारा अपने संबोधन में उत्तर प्रदेश के गौरवशाली इतिहास, निरंतर विकास एवं सामाजिक न्याय की दिशा में राज्य सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों पर विस्तार से प्रकाश डाला गया। उन्होंने कहा कि स्थापना दिवस प्रदेश की उपलब्धियों को स्मरण करने के साथ-साथ भविष्य के लिए नए संकल्प लेने का अवसर प्रदान करता है। विशेष रूप से अनुसूचित जाति एवं जनजाति, किसानों, महिलाओं तथा युवाओं के सशक्तिकरण हेतु सरकार की प्रतिबद्धता को रेखांकित किया गया।




मुख्य अतिथि बैजनाथ रावत, अध्यक्ष उत्तर प्रदेश अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति आयोग ने अपने संबोधन में कहा कि उत्तर प्रदेश आज देश की प्रगति की धुरी के रूप में स्थापित हो चुका है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा समाज के प्रत्येक वर्ग—किसानों, महिलाओं, युवाओं, अनुसूचित जाति एवं जनजाति तथा वंचित वर्गों—के सर्वांगीण उत्थान हेतु निरंतर और प्रभावी प्रयास किए जा रहे हैं। सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से आमजन के जीवन स्तर में सकारात्मक परिवर्तन आया है तथा सामाजिक न्याय और समान अवसर सुनिश्चित किए जा रहे हैं।

इस अवसर पर विधायक गौरा प्रभात वर्मा ने कहा कि उत्तर प्रदेश ने विगत वर्षों में शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, उद्योग, अधोसंरचना तथा कानून-व्यवस्था सहित प्रत्येक क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। उन्होंने कहा कि प्रदेश ने विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं और आने वाले समय में विकास की गति और अधिक तीव्र होगी। प्रदेश सरकार की नीतियाँ युवाओं को रोजगार, किसानों को समृद्धि तथा महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में प्रभावी सिद्ध हो रही हैं।


कार्यक्रम के दौरान माध्यमिक शिक्षा विभाग, बेसिक शिक्षा विभाग सहित अन्य विभागों के छात्र-छात्राओं द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दी गईं। लोकनृत्य, देशभक्ति गीत एवं नाट्य प्रस्तुतियों के माध्यम से प्रदेश की सांस्कृतिक विविधता एवं समृद्ध परंपराओं का सजीव प्रदर्शन किया गया, जिसे उपस्थित जनसमूह द्वारा सराहा गया।

इसके अतिरिक्त जनपद के समस्त विभागों द्वारा अपनी-अपनी योजनाओं की जानकारी प्रदान करने हेतु स्टॉल लगाए गए, जिनका अध्यक्ष  व अन्य जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों द्वारा अवलोकन किया गया। आमजन ने स्टॉलों के माध्यम से विभिन्न योजनाओं से संबंधित विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
कार्यक्रम के अंतर्गत उत्कृष्ट एवं नवाचारपूर्ण खेती करने वाले किसानों को सम्मानित किया गया, जिससे अन्य किसानों को भी उन्नत कृषि तकनीकों को अपनाने की प्रेरणा मिली।

कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी आलोक कुमार, जिला विकास अधिकारी सुशील कुमार श्रीवास्तव, जिला पंचायत राज अधिकारी लालजी दुबे, परियोजना निदेशक डीआरडीए सुशील कुमार पांडेय, उपनिदेशक कृषि प्रेम ठाकुर, जिला गन्ना अधिकारी सुनील कुमार सिंह, जिला पर्यटन सूचना अधिकारी वंदना पांडेय, जिला उद्यान अधिकारी रश्मि शर्मा, जिला उद्योग अधिकारी बाबूराम, जिला खादी ग्रामोद्योग अधिकारी महेंद्र मिश्रा सहित विभिन्न विभागों के अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।

सम्पूर्ण कार्यक्रम सुव्यवस्थित, प्रेरणादायी एवं जनहितकारी रहा, जिससे उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस का उद्देश्य पूर्ण रूप से सार्थक सिद्ध हुआ।

📤 शेयर करें: