पूर्ण संस्करण देखें
⚡ AMP पेज | पूर्ण वेबसाइट देखें
Program

709 दिव्यांगजनों में 1030 सहायक उपकरण का वितरण शेष को मिलेगा अगलीबार

✍️ Admin 📅 27 June, 2026 ⏰ 04:50 PM 👁 38 views




गोण्डा, 27 जून 2026*।  
भारत सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के अंतर्गत एडीआईपी (ADIP) योजना के तहत स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय, गोण्डा के ऑडिटोरियम में शनिवार को एलिम्को द्वारा आयोजित "सामाजिक अधिकारिता शिविर" में जनपद के दिव्यांगजनों को निःशुल्क सहायक उपकरण वितरित किए गए। कार्यक्रम की अध्यक्षता गोण्डा के सांसद एवं भारत सरकार के केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह ने की।


शिविर में जनपद के 709 दिव्यांगजनों को उनकी आवश्यकता के अनुरूप 1030 सहायक उपकरण वितरित किए गए। लाभार्थियों को 233 मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल, 335 ट्राईसाइकिल, 72 फोल्डिंग व्हीलचेयर, 326 बैसाखियां, 10 सीपी चेयर, 187 वॉकिंग स्टिक (छड़ी), 29 सुगम्य केन, 46 श्रवण यंत्र, 50 कुशन तकिए, एक एडीएल किट, चार टीएलएम किट, एक स्मार्टफोन, आठ रोलेटर तथा 55 फोल्डेबल वॉकर वितरित किए गए। इन लाभार्थियों का परीक्षण 15 से 22 जनवरी 2025 तथा 6 से 12 मई 2026 तक आयोजित परीक्षण शिविरों में किया गया था।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में दिव्यांगजनों के सम्मान, आत्मनिर्भरता और सशक्तिकरण के लिए देशभर में हजारों एडीआईपी शिविर आयोजित किए जा चुके हैं। इन शिविरों के माध्यम से लाखों दिव्यांगजन आधुनिक सहायक उपकरण प्राप्त कर अपने जीवन को अधिक सुगम बना रहे हैं तथा विभिन्न क्षेत्रों में नई-नई ऊंचाइयों को छू रहे हैं। उन्होंने कहा कि दिव्यांगजनों की कठिनाइयों को समझना और उनकी आवश्यकताओं के अनुरूप सहायता उपलब्ध कराना सरकार एवं समाज दोनों की जिम्मेदारी है। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि जो पात्र लाभार्थी इस बार किसी कारणवश उपकरण प्राप्त नहीं कर सके हैं, उन्हें आगामी वितरण शिविर में प्राथमिकता के आधार पर लाभान्वित किया जाए। इसके लिए उन्होंने जिलाधिकारी को निर्देशित किया कि छूटे हुए सभी पात्र दिव्यांगजनों का चिन्हांकन कर उनकी सूची तैयार कराई जाए, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति योजना के लाभ से वंचित न रहे। केंद्रीय राज्य मंत्री ने कहा कि दिव्यांगजनों को सरकारी योजनाओं का लाभ और अधिक सरलता से उपलब्ध कराने के उद्देश्य से उनके लिए एक विशेष कार्ड विकसित किए जाने की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है, जिससे विभिन्न योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ उन्हें सहज रूप से प्राप्त हो सके।

जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने कहा कि जिला प्रशासन का प्रयास है कि जनपद का कोई भी पात्र दिव्यांगजन शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे। उन्होंने बताया कि एलिम्को एवं संबंधित विभागों के समन्वय से पात्र लाभार्थियों का चिन्हांकन कर उनकी आवश्यकता के अनुरूप सहायक उपकरण उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि केंद्रीय राज्य मंत्री के निर्देशों के क्रम में छूटे हुए पात्र दिव्यांगजनों का पुनः सर्वेक्षण कर उनकी सूची तैयार कराई जाएगी, ताकि आगामी शिविर में उन्हें भी योजना का लाभ दिलाया जा सके। साथ ही सभी संबंधित विभागों को दिव्यांगजन कल्याण से जुड़ी योजनाओं का लाभ समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं।

कार्यक्रम के समापन पर केंद्रीय राज्य मंत्री ने हरी झंडी दिखाकर मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल एवं अन्य सहायक उपकरण प्राप्त करने वाले दिव्यांगजनों को रवाना किया तथा उनके उज्ज्वल एवं आत्मनिर्भर भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने अपने संबोधन में कहा कि सरकार द्वारा उपलब्ध कराए जा रहे आधुनिक सहायक उपकरण दिव्यांगजनों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने के साथ-साथ उन्हें सम्मानपूर्वक एवं आत्मनिर्भर जीवन जीने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। वहीं मंच का संचालन योगाचार्य अंजनी कुमार दूबे द्वारा किया गया।


कार्यक्रम में विधायक मनकापुर रमापति शास्त्री , विधायक गौरा प्रभात वर्मा, जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन, मुख्य विकास अधिकारी दयानंद प्रसाद, भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष, अपर जिलाधिकारी आलोक कुमार, उपजिलाधिकारी सदर, जिला विकास अधिकारी, परियोजना निदेशक डीआरडीए, जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी सुश्री माधवी पाण्डेय तथा एलिम्को के अधिकारीगण, विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधिगण तथा बड़ी संख्या में दिव्यांगजन एवं उनके परिजन उपस्थित रहे।

📤 शेयर करें: